वेश्याओं की गोद में | प्रेम और अकेलेपन की मार्मिक लघुकथा

वेश्याओं की गोद में, एक ऐसी कहानी, जिसमें एक आदमी जिस्म नहीं, प्रेम तलाशता रहा। आइये पढ़ते हैं उस व्यक्ति के अधूरे प्रेम की लघुकथा….

वह कभी बहुत अच्छा प्रेमी हुआ करता था। इतना अच्छा कि प्रेम को पाने से ज्यादा उसे निभाने में विश्वास रखता था। लेकिन प्रेम हमेशा विश्वास के बदले विश्वास ही लौटाए, यह जरूरी नहीं होता।

कुछ साल पहले उसकी प्रेयसी उसे छोड़कर चली गई थी। उसे किसी बेहतर व्यक्ति की तलाश थी। शायद बेहतर जीवन, बेहतर भविष्य और बेहतर सुविधाओं की भी। उस लड़की ने जाते समय पीछे मुड़कर कितना देखा था, यह तो वह नहीं जानता, लेकिन उसके जाने के बाद इस आदमी ने अपने भीतर बहुत कुछ मरते हुए देखा था।

वह एक होटल में काम करता था। दिनभर लोगों को आते-जाते देखता। कोई अपनी पत्नी के साथ आता, कोई प्रेमिका के साथ, तो कोई किसी अजनबी के साथ। होटल के कमरों में न जाने कितनी कहानियाँ जन्म लेती थीं और न जाने कितनी कहानियाँ बिना किसी नाम के खत्म हो जाती थीं।

वह इन सबके बीच काम करता रहा, लेकिन उसके भीतर एक अजीब सा सन्नाटा पलने लगा था। उसे किसी औरत के जिस्म से ज्यादा उसके मन की जरूरत थी। वह चाहता था कि कोई उससे बिना किसी मतलब के बात करे। कोई उसकी उदासी को पढ़ सके। कोई उसके पास बैठकर उसके बालों में उँगलियाँ फेरती रहे। कोई उसके कंधे पर सिर रखकर उसे यह एहसास करवाए कि दुनिया में वह बिल्कुल अकेला नहीं है।

लेकिन धीरे-धीरे उसे सामाजिक प्रतिष्ठा वाली औरतों के चेहरों में भी सिर्फ स्वार्थ और बेवफाई दिखाई देने लगी थी। शायद यह दुनिया का सच होता जा रहा था।

एक दिन उसके एक दोस्त ने उसकी हालत देखकर कहा, “कब तक उसी औरत की याद में घुटता रहेगा? जिंदगी में आगे बढ़ना सीख। जो चला गया, उसे भूल जा। वर्तमान में जीना सीख।”उस व्यक्ति ने समझाने की कोशिश की, “तुम मेरी बात नहीं समझते। मुझे किसी औरत का सिर्फ जिस्म नहीं चाहिए। मैं किसी का जिस्म तभी चाहता हूँ, जब उसे उस औरत का प्रेम भी मिले। मुझे सिर्फ कुछ घंटों का साथ नहीं चाहिए। मुझे किसी का अपनापन चाहिए।”लेकिन दोस्त ने उसकी एक न सुनी।उसने होटल के एक कमरे में एक वेश्या बुला ली थी। उस औरत को भी पहले से बता दिया गया था कि व्यक्ति बहुत उदास है। उसके साथ थोड़े प्रेम और अपनत्व से पेश आए।

कमरे में दाखिल होने के बाद वह औरत उसके पास आई। उसने एक तकिया अपनी गोद में रखा और बड़े सहज भाव से कहा, “आओ, मेरी गोद में लेट जाओ।” बस इतना ही। न कोई लंबी बातचीत, न कोई वादा, न प्रेम का कोई इजहार।

उस आदमी के भीतर जैसे बरसों से जमा हुआ पत्थर अचानक दरक गया। वह धीरे से उसके पास गया और अपना सिर उसकी गोद में रख दिया।न जाने कितने वर्षों बाद किसी औरत के इतने करीब होकर भी उसे कुछ पाने की जल्दी नहीं थी। वह बस उस पल को जीना चाहता था। उस गोद में उसे अपनी खोई हुई दुनिया का कोई छोटा-सा हिस्सा दिखाई देने लगा था।

औरत ने उसके सिर पर हाथ फेरा। उसकी उँगलियों का वह साधारण-सा स्पर्श उस आदमी के लिए किसी बड़े एहसास से कम नहीं था।उसकी सोई हुई भावनाएँ फिर से जाग उठीं। वह औरत उसके करीब आई और दोनों कुछ देर एक-दूसरे की बाहों में लिपटे रहे।लेकिन कुछ देर बाद वह आदमी अपनी शारीरिक इच्छा पूरी करके शांत हुआ, तो औरत उठी। उसने अपने कपड़े पहने, अपना सामान समेटा और कमरे से चली गई।

दरवाजा बंद हुआ तो कमरे में एक अजीब-सी खामोशी फैल गई।तकिया वहीं पड़ा था। बिस्तर भी वहीं था। लेकिन जिस गोद में कुछ देर पहले उसे सुकून मिला था, वह अब खाली थी।उस रात उसे फिर समझ आया कि किसी के पास होना और किसी का होना, दो अलग-अलग बातें हैं।

फिर भी उसके मन में एक उम्मीद बची हुई थी। उसे लगा, शायद सामाजिक जीवन में सम्मानित समझी जाने वाली औरतों के बीच उसे प्रेम नहीं मिला, लेकिन क्या पता किसी वेश्या के भीतर उसे वह दिल मिल जाए, जिसे समाज सिर्फ उसके गलत पेशे से पहचानता है।उसने इस उम्मीद को अपने भीतर जगह दे दी।

अब हर महीने जब होटल से तनख्वाह मिलती, वह उसमें से लगभग आधी रकम अलग रख देता। उस रकम से एक रात के लिए किसी वेश्या को बुलाता।एक के बाद एक कई चेहरे उसके कमरे में आए।कोई बेहद बदज़ुबान थी, तो कोई शालीन। कोई उससे सीधे काम की बात करती, तो कोई कुछ देर हँसकर उसका हाल भी पूछ लेती। लेकिन सबके जाने का समय तय था।समय पूरा होता और वे चली जातीं।

वह हर बार सोचता कि शायद इस बार कुछ अलग होगा। शायद इस बार वह औरत जाते-जाते एक बार पीछे मुड़कर देखेगी। शायद वह पूछेगी कि अगली बार कब मिलोगे? शायद उसे भी उसके साथ बिताए कुछ पल अच्छे लगे होंगे।

लेकिन ऐसा कुछ नहीं होता। जिस रात वह किसी के सिरहाने बैठकर प्रेम की उम्मीद करता, अगली सुबह उसी कमरे में अकेले उठता।

महीने गुजरते गए। उसकी तनख्वाह का बड़ा हिस्सा इन रातों में खर्च होता रहा। लेकिन जिस चीज की तलाश में वह अपनी कमाई का आधा हिस्सा दे रहा था, वह उसे कहीं नहीं मिली।आखिर एक दिन उसने यह सिलसिला बंद कर दिया।

उसने वेश्याओं को अपने कमरे में बुलाना छोड़ दिया। शायद इसलिए नहीं कि उसकी शारीरिक इच्छाएँ खत्म हो गई थीं, बल्कि इसलिए कि अब वह अपने मन को और अधिक धोखा नहीं देना चाहता था।वह जान चुका था कि पैसे देकर किसी का समय खरीदा जा सकता है, उसका साथ खरीदा जा सकता है, उसके शरीर तक पहुँचा जा सकता है, लेकिन उसके मन में अपने लिए जगह खरीदना संभव नहीं है। उसके भीतर आज भी वही पुरानी इच्छा थी।

किसी की गोद में सिर रखकर सो जाने की इच्छा।

किसी के हाथों से अपने बाल सहलवाने की इच्छा।

किसी के सामने बिना कुछ कहे रो पड़ने की इच्छा।

लेकिन अब वह किसी कमरे का दरवाजा खटखटाकर यह उम्मीद नहीं करना चाहता था कि शायद इस बार कोई उसे अपना समझ लेगी।उसे प्रेम चाहिए था, और प्रेम की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि वह किसी की जरूरत तो हो सकता है, किसी की खरीद नहीं।

उसने वेश्याओं के पास जाना तो छोड़ दिया, मगर अपनी गोद की तलाश कभी नहीं छोड़ी।आज भी शायद वह किसी होटल के कमरे में काम करते हुए किसी अजनबी लड़की को अपनी पति के सिर पर हाथ फेरते देखता होगा, तो कुछ पल के लिए उसके अंदर का सूनापन महसूस करता होगा।

क्योंकि कुछ लोग प्रेम खोने के बाद किसी दूसरे प्रेम की तलाश नहीं करते, वे बस उसी एहसास की तलाश करते रहते हैं, जो कभी उन्हें किसी के होने से मिला था।और कुछ प्यासें ऐसी होती हैं, जिनके लिए दुनिया के सारे सोमरस भी कम पड़ जाते हैं।

उसे आज भी एक गोद की तलाश थी। बस इस बार वह चाहता था कि उस गोद में सिर रखने के बाद उसे घड़ी देखकर उठना न पड़े।

वह आज भी किसी औरत की गोद में सिर रखकर सोना चाहता था। फर्क सिर्फ इतना था कि अब उसे किसी वेश्या से प्रेम की उम्मीद नहीं थी और किसी शरीफ औरत से वफ़ा की।उसे यह अच्छे से समझ आ गया था कि जिस्म का सौदा करने वाली हर औरत दिल का सौदा भी करे और इज्जत का चोला पहनने वाली हर औरत वफादार हो, ये जरूरी नहीं।

मगर उसके हिस्से में अब तक दोनों तरफ से सिर्फ खालीपन आया था।

वह जिंदगी भर जिस्म की चौखट पर मन का दरवाजा तलाशता रहा… और दुनिया उसे उसकी तलाश का मतलब समझाती रही।

Leave a Comment